ऋषिकेश , अगस्त, 02 -- उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने रविवार को 515 ग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा अवैध शराब, चरस, स्मैक और गांजा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस की टीम ने गश्त और सघन तलाशी अभियान के दौरान आईडीपीएल स्थित लेडीज क्लब जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 515 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋषिकेश के काली की ढाल निवासी रोहित नाथ (35 वर्ष)निवासी काली की ढाल के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कांवड़ यात्रा के दौरान पैसों के लालच में क्षेत्र में नशे के आदी लोगों को चरस बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए वह चरस में धूपबत्ती मिलाकर बेचता था। पुलिस अब आरोपी से नशे की आपूर्ति करने वाले अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित