ऋषिकेश , अक्टूबर 18 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित होटल सदमार्ग परिवार में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा पुलिस ने रविवार को किया। पुलिस ने मौके से 2,80,130 की नकदी, ताश के 208 पत्ते और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को देर रात होटल चेकिंग के दौरान प्रथम तल के कमरा नंबर 102 में 10 लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाते मिले। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर बरामद नकदी और ताश के पत्तों को कब्जे में ले लिया। आरोपियों की जामा तलाशी में 11 मोबाइल फोन भी मिले।
गिरफ्तार आरोपियों में रविन्द्र सिंह रावत, अभिषेक रौतेला, मनोज, संजय प्रजापति, कमल प्रजापति, अजय प्रजापति, शंकर प्रजापति, मोहित, ऋषि और सुल्तान सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले मे सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में अभियोग दर्ज किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित