ऋषिकेश , मई 15 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के नीम बीच क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे दिल्ली निवासी युवक आशीष का शव एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार को कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। बीते देर शाम घटना के बाद से लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान में एसडीआरएफ ढालवाला टीम ने सफलता हासिल करते हुए युवक के शव को करीब 25 फीट गहराई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार 14 मई को नीम बीच क्षेत्र में एक युवक के डूबने की सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) उत्तराखंड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव और गहराई के बीच टीम ने लगातार तलाशी अभियान जारी रखा।
लगातार प्रयासों के बाद 15 मई को एसडीआरएफ के डीप डाइवर कांस्टेबल अजय सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए लगभग 25 फीट गहराई में युवक के शव को खोज निकाला। इसके बाद शव को पानी से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित