ऋषिकेश , मई, 12 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) मंगलवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यपाल ने नर्सिंग पेशे से जुड़े कर्मचारियों की सेवा भावना, समर्पण और मानवता के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि सेवा, करुणा और त्याग का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल में नर्सिंग स्टाफ जिस धैर्य और संवेदनशीलता के साथ कार्य करता है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर एम्स ऋषिकेश में बेहद सुंदर और गरिमामयी आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रॉमा सेवाओं पर आधारित विशेष प्रस्तुति भी प्रदर्शित की गई, जिसमें संस्थान की अब तक की उपलब्धियों और स्वास्थ्य सेवाओं में किए गए कार्यों को दर्शाया गया।
राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था की सफलता में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कठिन परिस्थितियों में भी नर्सिंग स्टाफ मरीजों की सेवा में निरंतर समर्पित रहता है, जो वास्तव में मानवीय मूल्यों का सर्वोत्तम उदाहरण है।
कार्यक्रम में एम्स ऋषिकेश के चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नर्सिंग पेशे से जुड़े कर्मियों को सम्मानित किया गया और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित