, March 12 -- न्यूयॉर्क, 12 मार्च (वार्ता/शिन्हुआ) ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच बढ़ती तेल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए अमेरिका ने अपने रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व से 17.2 करोड़ बैरल तेल बाजार में जारी करने की घोषणा की है।
अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने एक बयान में बताया कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के 32 सदस्य देश राष्ट्रपति ट्रंप के उस अनुरोध पर सर्वसम्मति से सहमत हो गए हैं, जिसमें ऊर्जा की कीमतों को कम करने के लिए एक समन्वित प्रयास के तहत अपने संबंधित भंडारों से कुल 40 करोड़ बैरल तेल और रिफाइंड उत्पाद जारी करने की बात कही गई थी।
ऊर्जा मंत्री के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऊर्जा मंत्रालय को अपने हिस्से के 17.2 करोड़ बैरल तेल जारी करने के लिए अधिकृत कर दिया है। यह प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होगी और योजनाबद्ध डिस्चार्ज रेट के आधार पर इसे बाजार तक पहुँचाने में लगभग 120 दिन लगेंगे।
श्री राइट ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका ने अगले एक वर्ष के भीतर इन रणनीतिक भंडारों की भरपाई करने के लिए लगभग 20 करोड़ बैरल तेल की व्यवस्था पहले ही कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित