मऊ , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ जनपद के मधुबन तहसील क्षेत्र में 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
लगभग 61.11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक विद्युत उपकेंद्र की कुल क्षमता 2गुणा63 एमवीए (126 एमवीए) होगी, जिससे मऊ जनपद की मधुबन तहसील तथा बलिया जनपद की बेल्थरा रोड तहसील के लाखों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग और सतत विकास को ध्यान में रखते हुए इस नवीन विद्युत उपकेंद्र का निर्माण अत्यंत आवश्यक था। वर्तमान में क्षेत्र के निकटतम 132 केवी उपकेंद्र कटघर महलू, सेभरी जमालपुर एवं सिकंदरपुर (बलिया) काफी दूरी पर स्थित हैं, जिसके कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित होती थी।
उन्होंने बताया कि नए उपकेंद्र के निर्माण के बाद 33 केवी लाइनों की लंबाई कम हो जाएगी, जिससे ब्रेकडाउन की घटनाओं में कमी आएगी तथा लो-वोल्टेज की समस्या से भी राहत मिलेगी। इससे बेलौली, भोलना पार, मधुबन ओल्ड, बेल्थरा रोड, पशुहारी एवं दुपार सहित कई विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित