चंडीगढ़ , मई 24 -- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने के लिए अंबाला छावनी में मच्छौंडा में नए "मच्छौंडा सब डिवीजन" की मंजूरी दे दी गई है।

श्री विज ने बताया कि मच्छौंडा सब डिवीजन का कार्यालय जल्द खोला जाएगा। अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग से मच्छौंडा की तरफ के सभी क्षेत्र नए सब डिवीजन के अधीन होंगे। नए सब डिवीजन के लिए औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली रेलवे लाइन के दूसरी तरफ मच्छौंडा, चंद्रपुरी, सुंदरनगर, शाहपुर, शिवाला मंडी, साईं का बाग, गुलाब मंडी, दुधला मंडी, हिम्मतपुरा, पीएनटी कालोनी, गांव बाड़ा सहित कई क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। अब इन क्षेत्रों के लोगों को कई किलोमीटर दूर अंबाला कैंट नंबर एक सब डिवीजन नहीं आना पड़ेगा।

अब तक ये क्षेत्र 12 क्रास रोड स्थित सब डिवीजन नंबर एक से जुड़े थे। मच्छौंडा सब डिवीजन बनने से बिजली बिल और अन्य कार्यों का निपटान वहीं हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित