रुद्रपुर , जुलाई 15 -- उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 102 एंड्रॉयड और आईफोन बुधवार को उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार विशेष अभियान समूह (एसओजी) और रुद्रपुर पुलिस की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत इन गुमशुदा मोबाइल सेटों को तकनीकी विश्लेषण और सर्विलांस की मदद से देश के विभिन्न राज्यों से ट्रैक कर बरामद किये गये।

पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने सभी बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने ऊधमसिंहनगर पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

मोबाइल स्वामियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन कभी वापस मिलेगा लेकिन पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के कारण उनके मोबाइल सुरक्षित मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित