रुद्रपुर , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के रूद्रपुर के भाजपा विधायक शिव अरोरा द्वारा जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया को पत्र प्रेषित कर मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल "बंग भवन" के लिए भूमि शीघ्र हस्तांतरण कराने का अनुरोध किया गया है।

विधायक श्री अरोरा ने अपने पत्र में अवगत कराया कि रुद्रपुर में बंगाली समाज के उत्थान एवं उनकी सांस्कृतिक गतिविधियों के संवर्धन हेतु "बंग भवन" का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए भूमि का चयन किच्छा बाईपास रोड स्थित पुरानी ट्रेजरी को चिन्हित किया गया है।

उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि चयनित स्थल पर "बंग भवन" के निर्माण हेतु आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर करें ताकि क्षेत्र के बंगाली समाज को एक सुसज्जित एवं समर्पित सांस्कृतिक केंद्र उपलब्ध हो सके।

विधायक श्री अरोरा ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और "बंग भवन" का निर्माण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित