रुद्रपुर , जुलाई 14 -- उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बाहरी राज्यों एवं गैर जनपदों से जारी संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ जनपद व्यापी विशेष सत्यापन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है।
कुल 678 शस्त्र लाइसेंसों में से 626 का सत्यापन पूरा कर लिया है। जांच के दौरान 108 शस्त्र लाइसेंस संदिग्ध पाए गए, जिनमें से 94 लाइसेंस पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं जबकि संबंधित थानों में 119 शस्त्र जमा कराए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार गत 11 जून को कोतवाली कुण्डा में दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया था कि जनपद में बाहरी राज्यों एवं गैर जनपदों से जारी कई शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर हथियार खरीदे और रखे जा रहे हैं, जिनकी वैधानिकता संदिग्ध प्रतीत हुई।
इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान चार शस्त्र और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस भी बरामद किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री गणपति ने 25 जून को जनपद स्तर पर तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन कर सभी थाना क्षेत्रों में सत्यापन अभियान शुरू कराया। अभियान के दौरान संदिग्ध पाए गए लाइसेंसों को नियमानुसार कब्जे में लिया गया तथा उनसे संबंधित हथियार थानों में जमा कराए गए। इन लाइसेंसों की वैधानिकता और निर्गमन प्रक्रिया की जांच जारी है।
इस अभियान के तहत जिले भर के सभी थाना क्षेत्रों में सत्यापन किया गया। कोतवाली बाजपुर में सबसे अधिक 39 लाइसेंस कब्जे में लेकर 43 शस्त्र जमा कराए गए। इसी प्रकार केलाखेड़ा में नौ लाइसेंस और 12 शस्त्र, गदरपुर में 10 लाइसेंस और 13 शस्त्र, नानकमत्ता में सात लाइसेंस और सात शस्त्र, सितारगंज में छह लाइसेंस और नौ शस्त्र, काशीपुर में सात लाइसेंस और 10 शस्त्र, कुण्डा में पांच लाइसेंस और नौ शस्त्र तथा जसपुर में तीन लाइसेंस और पांच शस्त्र पुलिस ने कब्जे में लिए।
इसके अलावा आईटीआई में तीन लाइसेंस व तीन शस्त्र, दिनेशपुर में दो लाइसेंस व तीन शस्त्र, रुद्रपुर में तीन लाइसेंस व एक शस्त्र तथा पंतनगर में एक शस्त्र जमा कराया गया। किच्छा में दो शस्त्र, ट्रांजिट कैंप में एक तथा पुलभट्टा, झनकईया और खटीमा में सत्यापन के दौरान कोई संदिग्ध लाइसेंस कब्जे में नहीं लिया गया।
एसएसपी ने कहा कि फर्जी, संदिग्ध अथवा नियम विरुद्ध तरीके से प्राप्त किए गए शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित