रुद्रपुर , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में वन विभाग ने सोमवार सुबह आरक्षित वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए दो मजारों को ध्वस्त कर दिया।

तराई वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) हिमांशु बागड़ी ने बताया, "सोमवार सुबह आरक्षित वन भूमि पर बने दो मजारों को ध्वस्त किया गया। कब्जाधारियों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था लेकिन वे ऐसा करने में असफल रहे।

तराई-पूर्व वन प्रभाग के अंतर्गत बराकोली वन रेंज के धराड़म क्षेत्र में स्थित इन दोनों मजारों को प्रशासन और पुलिस के सहयोग से हटाया गया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लंबे समय से लंबित थी और यह कार्रवाई भारतीय वन अधिनियम के तहत की गई।

बताया जा रहा है कि वन विभाग की ओर से नवी अहमद और सरवर-को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। कई बार समय दिए जाने के बावजूद वे भूमि संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने उन्हें स्वयं संरचनाएं हटाने का आदेश दिया, लेकिन आदेश का पालन नहीं किया गया।

इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से वन विभाग को पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया। आज सुबह सुबह करीब पांच बजे प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से दोनों अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण के बाद मलबा भी हटा दिया गया, ताकि भविष्य में दोबारा निर्माण न हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित