रुद्रपुर , मई 14 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिल और एक स्कूटी सहित कुल सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डाॅ. मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि पंतनगर में कुछ समय पहले मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में सूचना मिली थी।
इसके बाद पंतनगर पुलिस सक्रिय हो गई थी। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी टीवी कैमरों को खंगाला गया। पुलिस टीम ने 13 मई की रात कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सिडकुल सिटी पार्क से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों भोला सरकार निवासी ठाकुर नगर, वार्ड नंबर 10, ट्रांजिट कैंप, रूद्रपुर, ऊधमसिंह नगर एवं विक्की विश्वास वार्ड नंबर 11, खेड़ा, रूद्रपुर, ऊधमसिंह नगर शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शीघ्र आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से मेट्रोपोलिस मॉल, जिला चिकित्सालय रुद्रपुर और अन्य सार्वजनिक स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी किए थे। हालांकि वाहनों के कागजात नहीं होने के कारण वे उन्हें बेच नहीं पाए।
पुलिस के अनुसार आरोपी भोला सरकार मेडिसिटी हॉस्पिटल से रेडियोलॉजी में ग्रेजुएशन कर रहा है, जबकि विक्की विश्वास चीमा पैथोलॉजी लैब रुद्रपुर में कार्यरत है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हेमंत कठैत, उपनिरीक्षक अनिल सिंह मेहता, उपनिरीक्षक पंकज सिंह मेहर, हेड कांस्टेबल हरीश सिंह बिष्ट तथा कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित