रुद्रपुर , मई 11 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर में लगभग डेढ़ साल पहले मिले अज्ञात महिला के शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पायी है। पुलिस ने शव की शिनाख्त और महिला के संबंध में जानकारी देने के लिए 50 हजार रुपये के ईनाम की घोषणा की है।

ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार 23 अक्टूबर 2024 को दिनेशपुर थाना क्षेत्र में एक महिला का शव बरामद हुआ था। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई थी।

उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार शव के शिनाख्त का प्रयास कर रही है लेकिन उक्त शव के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पायी। उन्होंने कहा कि महिला के संबंध में जानकारी देने के लिए ईनाम की घोषणा की गई है।

उन्होंने कहा कि शव की शिनाख्त कराने या महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित