रूद्रपुर , अगस्त 29 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना सितारगंज क्षेत्र की है। सितारगंज पुलिस ने शुक्रवार रात को गश्त में थी। इसी दौरान केआरई इंजीनियरिंग कंपनी सिडकुल के पास खंडहर में बंद पड़ी फैक्ट्री में कुछ संदिग्ध चोरी की योजना बना रहे थे। उनके पास घटना में प्रयोग होने वाले कुछ उपकरण भी थे। पुलिस ने चार आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके कब्जे से दो रामपुरी चाकू, दो आलानकब, टॉर्च और चाबी के गुच्छे समेत अन्य सामान बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल विश्वास निवासी टैगोर नं-04, शक्ति फार्म, ऊधमसिंह नगर, टोनी मंडल उर्फ गौतम निवासी वार्ड नं 08, शक्ति फार्म, ऊधमसिंह नगर एवं मंतोष मंडल और निमई विश्वास निवासीगण ग्राम बैकुण्ठपुर, शक्ति फार्म, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
एक अन्य घटना में नानकमत्ता पुलिस ने भी चोरी की योजना तैयार कर घटना को अंजाम देने की फिराक में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 28 अगस्त की रात चौकी प्रतापपुर और कोतवाली नानकमत्ता पुलिस की टीम तलाशी अभियान में थे। इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिये। उनसे पूछताछ की गई तो हकीकत खुल गई। पुलिस ने विक्रम सिंह बाजवा उर्फ विक्की निवासी ग्राम गढ़ी, नानकमत्ता, जुनैद खान वार्ड नंबर -04, हुसैनी मस्जिद, इस्लाम नगर, खटीमा, कल्लू कश्यप निवासी गुरू नानक कालोन, नानकमत्ता और राहुल राणा निवासी गढ़ी, नानकमत्ता को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि आरोपी चोरी की फिराक में थे। उनके कब्जे से दो चाकू, लोहे का कटर, सरिये की छड़, छीनी, पेचकस, प्लास, हथौड़ा, टॉर्च और चाबी के गुच्छे समेत चोरी और ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। इस मामले में कोतवाली नानकमत्ता में धारा 312/313 बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित