ऊधम सिंह नगर , अप्रैल 13 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के किच्छा में कटे हुए हाथ मिलने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर ली गई है, जबकि फरार दो अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

एसएसपी अजय गणपति के अनुसार गत 10 अप्रैल को किच्छा में इन्ट्रार्क फैक्ट्री के पास सड़क किनारे एक कटा हुआ हाथ बरामद हुआ था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

जांच में सामने आया कि आठ अप्रैल की रात रामवीर निवासी मिर्जापुर, सक्सैना, चांदपुर, बिजनौर, उप्र रात में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को दूर नाले के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और 10 अप्रैल को शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत का कारण सड़क दुर्घटना पाया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 13 अप्रैल को मुख्य आरोपी चांद शाह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दुर्घटना के बाद उसने अपने साढ़ू बबलू हाजी और दामाद शाहिद अली की मदद से शव को कार की डिक्की में रखकर झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी बरामद कर लिया है। घटना में शामिल दोनों अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित