रुद्रपुर , मई 28 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर जिला पुलिस ने गलत दिशा में वाहन संचालन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो भारी वाहन चालकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

उत्तराखंड में पहली बार गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसारवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, उपनिरीक्षक पंकज सिंह महर की अगुवाई में पुलिस टीम की ओर से बुधवार रात को हल्द्वानी मोड़ टांडा तिराहे पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान डंपर ग़लत दिशा से तीव्र गति से आता दिखाई दिया। वाहन चालक की लापरवाही से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों एवं राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक मोहित सिंह निवासी ग्राम खेड़ा कुंवरपुर, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल के खिलाफ थाना पंतनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184(ई) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई में टिप्पर को भी ग़लत दिशा में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। चालक पवन सिंह निवासी बिंदुखत्ता, इंदिरा नगर-01, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल के खिलाफ थाना पंतनगर में बीएनएस की धारा 281 एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184(ई) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी के अनुसार गलत दिशा में वाहन चलाना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं बल्कि लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित