रूद्रपुर , सितंबर 24 -- उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से संचालित तीन क्लीनिकों को सील किया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा0 संजीव कुमार गोस्वामी के अनुसार किच्छा क्षेत्र में बिना पंजीकरण और बिना वैध डिग्री के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।

इसके बाद डॉ0 सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने किच्छा तथा खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंजीकरण एवं चिकित्सकीय योग्यता संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। जिन क्लीनिकों को सील किया गया उनमें बालाजी डेंटल क्लीनिक, जगदंबा क्लीनिक और संजीवनी क्लीनिक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन क्लीनिकों में अनेक खामियां पाईं गईं। बालाजी क्लीनिक में कोई अधिकृत चिकित्सक के साथ ही पंजीकरण संबंधी वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे जबकि जगदंबा क्लीनिक में अनिल शर्मा नामक व्यक्ति मरीजों का उपचार करते हुआ पाया गया लेकिन उसके पास निरीक्षण टीम को कोई वैध डिग्री मिली।

इसी प्रकार बंडिया स्थित संजीवनी क्लीनिक भी पंजीकरण तथा चिकित्सकीय योग्यता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाया। सीएमओ श्री गोस्वामी ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध क्लीनिकों और अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित