रुद्रपुर , अप्रैल 13 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को 45 लाख की स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया।

एसएसपी अजय गणपति ने आज इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ''आपरेशन प्रहार'' के तहत मादक द्रव्य अधिनियम (एएनटीएफ) और ट्रांजिट कैंप पुलिस की ओर से 12 अप्रैल की रात को ट्रांजिट कैंप के अटरिया-सिडकुल रोड पर जांच अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान संदिग्ध युवक सुनील कुमार निवासी कैमुआ, भमौरा, बरेली, उप्र हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रूद्रपुर को रोका और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 150 ग्राम स्मैक बरामद की।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी फैक्ट्री में काम करने की आड़ में क्षेत्र में स्मैक की तस्करी करता था। उसने स्मैक अपने परिचित आशु ठाकुर फुलसुंगी, रूद्रपुर से लाना बताया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित