रुद्रपुर , जुलाई 08 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस को बुधवार को 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत उत्तर प्रदेश के एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा भी बरामद किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार आज डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर, उपनिरीक्षक हरविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम योगेश मलिक उर्फ भदौरिया (53) बताया। आराेपी उत्तर प्रदेश में मेरठ जिला के भदौड़ा गांव में रहता है।तलाशी के दौरान उसके पास से एक .315 बोर का तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय स्थापित करने पर पता चला कि आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। सहारनपुर की थाना गंगोह पुलिस ने भी उसके विरुद्ध घोषित इनाम की पुष्टि की है।

इसके अलावा आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद और सहारनपुर समेत विभिन थानों में 46 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत अपराधियों और वांछित बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के संबंध में भी जांच की जा रही है तथा संबंधित राज्यों की पुलिस को आवश्यक सूचना उपलब्ध करा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित