रुद्रपुर , जुलाई 15 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में नियमों का उल्लंघन करने वाले धार्मिक स्थलों से 17 लाउडस्पीकर हटाए गए। छह के पुलिस एक्ट के तहत चालान भी किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ धार्मिक स्थलों में स्थापित ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने बिना अनुमति संचालित होने वाले, निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक मात्रा में चलने तथा रात्रि 10 बजे से सुबह छह बजे तक प्रतिबंधित समय में संचालित लाउडस्पीकरों के विरुद्ध कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कोतवाली जसपुर में दो, काशीपुर में एक, आईटीआई में दो, केलाखेड़ा में दो, किच्छा में दो, नानकमत्ता में एक तथा खटीमा क्षेत्र की चार मस्जिदों से कुल सात लाउडस्पीकर हटाए गए। इस प्रकार जिलेभर में कुल 14 मस्जिदों से 17 लाउडस्पीकर हटाए गए। किच्छा और खटीमा में नियमों के उल्लंघन पर कुल छह चालान भी किए गए।
पुलिस ने अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य साइलेंस जोन क्षेत्रों में भी ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित