टोक्यो , जून 02 -- उष्णकटिबंधीय तूफान जांगमी के कारण जापान के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में कम से कम 16 लोग घायल हो गए हैं। तूफान के चलते हजारों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गयी है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार जांगमी, जिसे पहले तूफान की श्रेणी में रखा गया था, ओकिनावा द्वीप को प्रभावित करने के बाद अब देश के मुख्य भूभाग की ओर बढ़ रहा है। खराब मौसम के कारण सैकड़ों उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।
कागोशिमा शहर में 2.22 लाख से अधिक लोगों के लिए स्तर-4 का निकासी अलर्ट जारी किया गया है। सरकारी प्रसारक एनएचके के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में कुल मिलाकर लगभग चार लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गयी है।
तूफान के कारण ओकिनावा में लगभग 17 हजार और कागोशिमा प्रांत में 30 हजार से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। ओकिनावा में पहले करीब 50 हजार घरों में बिजली गुल होने की भी सूचना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित