उमरिया , मई 11 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में आगामी 15 मई से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय रात्रिकालीन उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले के चंदिया तहसील मुख्यालय में 15, 16 और 17 मई को ख्यातिप्राप्त हजरत नौगजा शाहदाता रहमतुल्ला अलैह का रात्रिकालीन उर्स आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने पुलिस प्रशासन को कव्वाली मंच और मजार परिसर के समीप सर्विलेंस कैमरे तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। बताया गया है कि यह पहला अवसर होगा, जब उर्स मेले की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित