मुरादाबाद , अगस्त 08 -- रेल मंडल द्वारा 108वें उर्स-ए-रज़वी बरेली के अवसर पर जायरीन की सुगम रेल यात्रा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। छह से आठ अगस्त तक चलने वाले उर्स-ए-रजवी के जायरीन की सुविधा के मद्देनजर विशेष ट्रेन चलाने के साथ-साथ अन्य कई रेलगाड़ियों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए और अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था भी की गई है। जायरीन को टिकटों की सुलभता के लिए बरेली स्टेशन पर चार अतिरिक्त टिकट काउंटर, छह ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) और तीन जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवा (जेटीबीएस) केंद्र सक्रिय किए गए हैं, ताकि भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा, यात्रियों को ट्रेनों के समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी देने के लिए स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर सहायता बूथ और सर्कुलेटिंग एरिया में विशेष सहायता कैंप स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा वाणिज्य विभाग की टीमें स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रख रही हैं। यात्रियों की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता और खानपान स्टॉलों पर बेहतर प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित