चेन्नई , मई 10 -- चेपॉक पर लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के ख़िलाफ़ 13 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बल्लेबाज़ उर्विल पटेल ने आईपीएल में संयुक्त तौर पर सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने ऐसा करते हुए यशस्वी जायसवाल की बराबरी कर ली जिन्होंने 2023 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के लिए खेलते हुए ईडन गार्डंस पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ख़िलाफ़ 98 रनों की अपनी नाबाद पारी के दौरान 13 गेंदों पर ही अर्धशतक पूरा किया था।
मुक़ाबले के बाद उर्विल ने ब्रॉडकास्टर्स से कहा, "कोच ने मुझसे कहा कि अपना शेप होल्ड करूं और गेंद को अच्छे से हिट करूं। ऋतु (ऋतुराज गायकवाड़) ने मुझसे कहा कि विकेट में उछाल कम है और मैं इसके लिए तैयार रहूं। उन्होंने मुझसे अधिक कुछ नहीं कहा, बस मुझे वैसे ही खेलने के लिए कहा जैसे मैं खेलता हूं।"उर्विल का यह अर्धशतक टी20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से आठवां सबसे तेज़ अर्धशतक भी था। सबसे तेज़ अर्धशतक नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी के नाम है जिन्होंने 2023 में एशियन गेम्स के दौरान मंगोलिया के ख़िलाफ़ नौ गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। आशुतेष शर्मा ने 2023-24 की सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी के दौरान रेलवे के लिए अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ 11 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। जबकि युवराज सिंह, क्रिस गेल, हज़रतुल्लाह ज़ाज़ाई, साहिल चौहान और अभिषेक शर्मा 12 गेंदों पर अर्धशतक लगा चुके हैं।
27 वर्षीय पटेल जब बल्लेबाज़ी के लिए आए थे तब सीएसके का स्कोर 3.4 ओवर में एक विकेट के नुक़सान पर 45 रन था और 204 के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने सात छ्क्कों और एक चौके की मदद से 13 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया। उनकी इस पारी की बदौलत सीएसके ने 2019 के बाद पहली बार 180 से अधिक का कोई लक्ष्य हासिल किया। इससे पहले सीएसके इस अवधि में सभी 14 बार 180 के अधिक का लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही थी। इस जीत के साथ अंक तालिका में सीएसके अब 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित