मधुबनी , जून 25 -- िहार के मधुबनी जिले में किसानों को निर्धारित दर पर समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उर्वरक प्रतिष्ठान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है।आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार चौधरी ने लौकही प्रखंड क्षेत्र के उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डकही स्थित जगदंबा इंटरप्राइजेज में गंभीर अनियमितता पाई गई।
जांच में पाया गया कि जिला कृषि कार्यालय के आईएफएमएस अभिलेख के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठान के पास 234 बैग (10.53 मीट्रिक टन) यूरिया उपलब्ध होना दर्शाया गया था, जबकि भौतिक सत्यापन के दौरान प्रतिष्ठान में केवल 62 बैग यूरिया ही पाया गया। अभिलेख और वास्तविक भंडार के बीच भारी अंतर मिलने पर प्रतिष्ठान संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उपलब्ध उर्वरक की कमी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला उर्वरक की कालाबाजारी और अनियमित वितरण से संबंधित प्रतीत होने पर जिला कृषि पदाधिकारी ने आंध्रामठ थाना में संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा वितरण में अनियमितता करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को जिले के सभी प्रखंडों में उर्वरक प्रतिष्ठानों की नियमित और सघन जांच जारी रखने का निर्देश दिया। साथ ही किसानों से अपील की कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलता है, उर्वरक उपलब्ध नहीं कराता है अथवा कालाबाजारी करता है तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग या जिला प्रशासन को दें, जिससे दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित