पटना, जुलाई 20 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य के किसी भी जिले में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है।
श्री सिन्हा ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक किसान को उसकी आवश्यकता के अनुसार सही समय पर उर्वरक उपलब्ध हो तथा उसे किसी प्रकार की परेशानी का सामना नही करना पड़े।
कृषि मंत्री ने बताया कि 20 जुलाई, 2026 की स्थिति के अनुसार राज्य में 4.55 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 1.38 लाख मीट्रिक टन डीएपी, 2.54 लाख मीट्रिक टन एनपीके, 0.69 लाख मीट्रिक टन एमओपी तथा 1.29 लाख मीट्रिक टन एसएसपी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रखंडवार उर्वरकों का उप-आवंटन स्थानीय आवश्यकता एवं फसल आच्छादन के अनुरूप किया जाए, जिससे किसी भी क्षेत्र में कृत्रिम अभाव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही किसानों को आवश्यकता के अनुरूप संतुलित एवं वैज्ञानिक तरीके से उर्वरकों के उपयोग के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से जागरूक किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित