भागलपुर , अगस्त 25 -- बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के बाढ़ग्रस्त गांव राघोपुर के पांच वार्डो में राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
इस संबंध में करीब पांच हजार बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सामूहिक किचन की व्यवस्था की गई है और जरुरी सामग्रियों का वितरण भी किया जा रहा है।जिला आपदा विभाग और खरीक के अंचलाधिकारी तथा कर्मी राघोपुर गांव में कैंप किए हुए हैं।
बिहार में भागलपुर जिले के खरीक अंचल के शंकरपुर गांव के पास गंगा नदी के तेज प्रवाह से क्षतिग्रस्त हुए कजिकोरैया - राघोपुर मार्जिनल तटबंध के मरम्मती का काम युद्धस्तर पर चल रहा है, जिससे बाढ़ के खतरे को नियंत्रित किया जा सके।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि गंगा नदी में आई बाढ़ के पानी के तेज प्रवाह से रविवार की आधी रात को काजीकोरैया - राघोपुर मार्जिनल तटबंध के करीब साठ 60 फीट हिस्से कट जाने से बाढ़ का पानी राज्य के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के पैतृक गांव राघोपुर के पांच वार्डो मे प्रवेश कर गया था।
सूत्रों ने बताया कि गंगा में आने वाले बाढ से बचाव हेतु निर्मित इस तटबंध के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर पटना से आई जल संसाधन विभाग के अभियंताओं की टीम सोमवार से क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने के काम में लगी हुई है। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर के जरिए हजारों जी टैग बोरियो को कार्यस्थल पर भेजा जा रहा है। जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण इकाई और जिला प्रशासन के लोग वहां पर कैंप किए हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित