जालौन , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में मंगलवार को उरई विकास प्राधिकरण की 31वीं बोर्ड बैठक मंगलवार को सभागार में मंडलायुक्त झांसी एवं उरई विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुई। बैठक में पिछली 30वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई और प्रस्तावित एजेंडे तथा अवस्थापना निधि से संबंधित प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत तहसील उरई के मौजा बडेरा एवं बड़ागांव में प्रस्तावित नई टाउनशिप के लिए आपसी सहमति से नियमानुसार भूमि क्रय किए जाने हेतु भूमि दरों का अनुमोदन किया गया। इससे प्रस्तावित टाउनशिप के विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा।

बोर्ड ने उरई महायोजना-2031 के तहत निर्धारित विकास क्षेत्र का जोनल प्लान तैयार करने को भी मंजूरी प्रदान की। अधिकारियों के अनुसार जोनल प्लान तैयार होने के बाद विभिन्न भू-उपयोग क्षेत्रों में अनुमन्य गतिविधियों के मानचित्र स्वीकृत करने की प्रक्रिया अधिक सुगम हो सकेगी।

बैठक में उरई शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई। इन कार्यों से शहर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है। बैठक में जिलाधिकारी एवं उरई विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेश कुमार पाण्डेय, सचिव परमानन्द यादव, सहयुक्त नियोजक स्मिता निगम, मुख्य लेखाधिकारी, बोर्ड सदस्य बृजभूषण सिंह मुन्नू, डा. अनिल यादव व दिलीप दुबे सहित प्राधिकरण के अभियंता एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित