जालौन , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के दंत चिकित्सा विभाग ने एक जटिल मैक्सिलोफेशियल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मरीज को नया जीवन प्रदान किया है।

कॉलेज के प्रचार प्रभारी डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने मंगलवार को बताया कि जालौन जिले के ब्योना राजा निवासी 50 वर्षीय अजयपाल चंडीगढ़ में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनके चेहरे और जबड़े की कई हड्डियां टूट गई थीं।

हादसे के बाद उन्हें चंडीगढ़ के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन समय पर समुचित उपचार नहीं मिल सका। लगभग दस दिनों तक दर्द, सूजन और भोजन चबाने में असमर्थ रहने के बाद मरीज उपचार के लिए उरई मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

मेडिकल कॉलेज के दंत चिकित्सा विभाग ने तत्काल मरीज को भर्ती कर आवश्यक जांच कराई। ओपीजी और सीटी फेस जांच में जबड़े के दाहिने हिस्से तथा दोनों ओर की जाइगोमेटिक आर्च में मल्टीपल फ्रैक्चर पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी के निर्देशन में डॉ. हरमूर्ति सिंह और डॉ. अखिल त्रिवेदी की टीम ने ओपन रिडक्शन एंड इंटरनल फिक्सेशन (ओआरआईएफ) तकनीक से सफल सर्जरी की।

ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई गई है। स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस सफलता को स्थानीय स्तर पर उन्नत मैक्सिलोफेशियल सर्जरी सुविधा की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित