जालौन , अक्टूबर 07 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के उरई मुख्यालय में बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका।
जिलाध्यक्ष दीपराज सिंह गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सिटी सेंटर से अंबेडकर चौराहे तक पैदल मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क रहा। सिटी सेंटर से अंबेडकर चौराहे तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला लेकर अंबेडकर चौराहे पहुंचे। पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर खींचतान हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और निर्वाचन आयोग को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। सपा जिलाध्यक्ष दीपराज सिंह गुर्जर ने कहा कि अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदेशभर में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र के लिए जरूरी है। कार्यकर्ता निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित