जालौन , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में मंगलवार को उरई में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के उपलक्ष्य में भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य एवं दुर्लभ दीर्घा का आयोजन किया गया।
भाजपा जिला कार्यकारिणी की उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने दीर्घा का अवलोकन करते हुए कहा कि यहां प्रदर्शित भगवान श्री जगन्नाथ से जुड़ी ऐतिहासिक एवं धार्मिक जानकारी अत्यंत ज्ञानवर्धक है और इसे देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वयं श्री जगन्नाथ धाम के दर्शन हो रहे हों।
दीर्घा के संयोजक डॉ. हरीमोहन पुरवार ने भगवान श्री जगन्नाथ के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका संबंध उड़ीसा की साबर जनजाति की नील माधव परंपरा से माना जाता है। उन्होंने बताया कि भगवान की काष्ठ निर्मित अपूर्ण प्रतिमा प्राचीन जनजातीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है।
प्रदर्शनी में वर्ष 2015 में जारी 10 एवं 1000 रुपये मूल्य के विशेष सिक्कों के अपरिचालित सेट, लगभग 150 वर्ष पुरानी दो दुर्लभ पेंटिंग्स, नीम की लकड़ी से बनी भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की प्रतिमाएं, सॉफ्ट टॉय, एआई आधारित दशावतार चित्र, कागजी मुखौटे तथा लगभग 200 प्रकार के फ्रिज स्टिकर्स आकर्षण का केंद्र रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित