जालौन , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार देर रात आई भीषण आंधी और तेज तूफान ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के चलते अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आंधी के कारण जिले भर में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा और कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई।
शहर के मोहल्ला उमरार खेड़ा निवासी 55 वर्षीय सुखदेई देवी तथा कोतवाली क्षेत्र के बजीदा गांव निवासी 60 वर्षीय मूलचंद की आंधी से हुए हादसों में मौत हो गई। वहीं शहर के इंदिरा नगर मोहल्ले में उमा देवी के परिवार पर तूफान कहर बनकर टूटा। परिवार के लोग छत पर सो रहे थे, तभी तेज हवा के चलते उड़कर आए तीन शेड उनके ऊपर गिर पड़े। हादसे में उमा देवी के पति समेत तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आंधी के चलते डकोर मार्ग पर हाईटेंशन लाइन का खंभा गिर गया, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। करीब 10 घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बिजली विभाग की टीमें खंभा हटाने और आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। ग्रामीण क्षेत्रों में दर्जनों पेड़ और बिजली पोल गिरने से भारी नुकसान की सूचना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित