जालौन , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में कोतवाली उरई क्षेत्र में करमेर रोड स्थित अंडरपास के आगे नहर पुलिया के पास की शनिवार करीब एक बजे पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में 25 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर प्रदीप उर्फ गुड्डू पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ सिटी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि करमेर की तरफ से एक शातिर अपराधी आ रहा है। पुलिस ने नहर पुलिया के पास चेकिंग शुरू की। इसी बीच एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर सड़क की ओर भागा और फिसलकर गिर गया। पुलिस के ललकारने पर उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ गुड्डू (35), पुत्र कड़ोरे, निवासी सिरसाकलार के रूप में हुई। वह कोतवाली उरई में दर्ज मुकदमा संख्या 638/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में वांछित था। पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सीओ के अनुसार, आरोपी पर लूट और चोरी समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित