जालौन , जुलाई 10 -- केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी बघेल शुक्रवार को जालौन जनपद के उरई पहुंचे, जहां उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी द्वारा संचालित 'अपनी रसोई' कार्यक्रम तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं के अनावरण समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
प्रो. बघेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अब तक लगभग 64 हजार एकड़ सरकारी भूमि को भूमाफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जिलेवार सूची सार्वजनिक की जाएगी, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस जिले में कितनी सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराई गई और किन लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कब्जामुक्त कराई गई भूमि का उपयोग जनकल्याणकारी कार्यों के लिए किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बुलडोजर की कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में की जाती है। इसका उद्देश्य सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उनका उपयोग सार्वजनिक हित में करना है।
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले और एसआईटी जांच के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मामला जांचाधीन है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी के विरुद्ध साक्ष्य मिलते हैं तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी व्यक्ति का नाम लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित