प्रयागराज , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी पांच लाख के इनामी अरमान बिहारी को सोमवार दोपहर यहां विशेष अदालत में पेश किया गया। स्पेशल जज एससी-एसटी कुमार मयंक ने अभियुक्त की ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत की। अभियुक्त अरमान ने कोर्ट से निशुल्क अधिवक्ता दिए जाने की मांग की है जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। अब कोर्ट ने 14 दिन बाद सुनवाई की अगली तारीख नियत की है।

अदालत के आदेश के बाद अभियुक्त को बिहार के गया सेंट्रल जेल वापस भेज दिया गया है। आज की सुनवाई में पुलिस ने कस्टडी रिमांड नहीं मांगी थी। अगली सुनवाई पर अरमान को फिजिकल पेश किया जा सकता है,या फिर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी सुनवाई हो सकती है।

बिहार के गया सेंट्रल जेल से ट्रांजिट रिमांड पर अरमान को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज लाया गया था,उसको गमछे से मुंह ढंककर कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत लाया गया था। करीब साढ़े तीन साल के बाद यूपी पुलिस अरमान को तलाश कर सकी थी। गौरतलब है कि 24 फरवरी 2023 को उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की हत्या हुई थी ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित