अमृतसर , सितंबर 17 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को यहां 2-कोर्ट रोड स्थित नवीनीकृत जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया।
करीब 2. 30 करोड़ रुपये की लागत से अक्टूबर 2025 से इसका नवीनीकरण किया गया। परिसर में चार अतिथि कक्ष, बैठक कक्ष, भोजन कक्ष और रसोई सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा जम्मू-कश्मीर से अमृतसर आने वाले लोगों को किफायती और सुविधाजनक आवास उपलब्ध करायेगी। विशेष रूप से उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के अलावा विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। हाउस प्रमुख अस्पतालों और शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के निकट स्थित है।
श्री अब्दुल्ला ने नवीनीकृत परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वच्छता, रखरखाव और मेहमानों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता, जम्मू-कश्मीर के रेजिडेंट कमिश्नर रमेश कुमार, सचिव आतिथ्य एवं प्रोटोकॉल अवनी लवासा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित