श्रीनगर , जून 02 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हज करके लौटे तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे का मंगलवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हज यात्रियों को लेकर पहली उड़ान दोपहर बाद 1:28 बजे श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी, जिसके बाद हवाई अड्डा अधिकारियों ने आव्रजन सहित सभी औपचारिकताएं सुचारू और कुशल तरीके से पूरी कीं।

इस पहली उड़ान से कुल 144 हज यात्री लौटे हैं, जिनमें 74 पुरुष और 70 महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे पर तीर्थयात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें इस पवित्र यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों से बातचीत करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी प्रार्थनाएं और आध्यात्मिक अनुभव जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पूरे देश की शांति, समृद्धि और भलाई में योगदान देंगे। उन्होंने सऊदी अरब में उनके प्रवास और वापसी यात्रा के दौरान की गयी व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली और उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और बेहतर भविष्य की कामना की।

श्री अब्दुल्ला ने श्रीनगर हवाई अड्डे पर तीर्थयात्रियों के सुचारु आगमन और स्वागत की व्यवस्था में शामिल सभी विभागों और एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लौटने वाले तीर्थयात्रियों के लिए सामान के कुशल प्रबंधन, परिवहन और अन्य सहायता सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले तीर्थयात्रियों के सामान के परिवहन में होने वाली देरी का मुद्दा भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया था। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को भेजे अपने पत्र में उन्होंने सामान की समय पर डिलीवरी और सुचारू प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया था।

इस वर्ष जम्मू-कश्मीर से कुल 4,641 तीर्थयात्रियों ने हज किया है, जिनमें से 3,952 यात्री श्रीनगर केंद्र के माध्यम से लौटने वाले हैं। इन यात्रियों की वापसी उड़ानें दो जून से 16 जून के बीच निर्धारित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित