उमरिया , अक्टूबर 14 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया जिले के ग्राम गुरवाही में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में 144 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 87 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 68 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया तथा 57 करोड़ रुपये की लागत वाले 68 कार्यों का भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, धार्मिक पर्यटन और प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने मानपुर और पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य भवनों को सिविल अस्पताल के रूप में उन्नत करने, मानपुर विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय खोलने और चिल्हारी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की घोषणा की।

उन्होंने चिल्हारी को नगर परिषद का दर्जा देने के प्रस्ताव पर परीक्षण के बाद निर्णय लेने की बात कही। पाली में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और होम स्टे संचालित करने के लिए तीन लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने अमरपुर उप तहसील को तहसील का दर्जा देने के प्रस्ताव पर भी परीक्षण के बाद आवश्यक निर्णय लेने की बात कही। इन पहलों का उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं का विस्तार, पर्यटन को प्रोत्साहन और प्रशासनिक सेवाओं को बेहतर बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित