भोपाल , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत भोपाल स्थित डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन छात्रावास में विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं और छात्रावासों की स्थिति को लेकर राज्य एवं केंद्र सरकार पर आरोप लगाए।
कांग्रेस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री सिंघार ने कहा कि देश और प्रदेश के छात्र केवल बेरोजगारी ही नहीं, बल्कि पेपर लीक, भर्ती में देरी, शिक्षा के निजीकरण और छात्रावासों की बदहाल व्यवस्था जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है।
उन्होंने दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि परीक्षा अनियमितताओं और भर्ती सुधारों की मांग कर रहे छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाया गया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की कथित हिरासत का भी उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि क्या छात्रों के अधिकारों की बात करना अपराध है।
श्री सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार विधानसभा में अन्य विषयों पर चर्चा करती है, लेकिन पेपर लीक, भर्ती में देरी और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर चर्चा से बचती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस द्वारा इन विषयों पर चर्चा की मांग किए जाने पर छात्रों के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।
उन्होंने मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, 2026 का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि इससे उच्च शिक्षा के निजीकरण को बढ़ावा मिलेगा, जबकि शासकीय विश्वविद्यालय संसाधनों और शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा को व्यापार नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व के रूप में देखा जाना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में देरी, समय पर परिणाम घोषित नहीं होने और दूरस्थ परीक्षा केंद्रों के कारण लाखों अभ्यर्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उच्च शिक्षा पर बजटीय प्रावधान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विभिन्न आंकड़ों का उल्लेख करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताई।
श्री सिंघार ने सरकारी छात्रावासों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्टों में कई छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और निर्माण कार्यों में देरी का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा, रोजगार और छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी तथा युवाओं के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित