बैतूल , सितंबर 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में उमंग दिवस के अवसर पर जिले के शासकीय माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में बालिकाओं को आत्मरक्षा, पॉक्सो अधिनियम और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस मुख्यालय की महिला सुरक्षा शाखा के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों में बालिकाओं को चुनौतियों का साहस और सकारात्मक सोच के साथ सामना करने का संदेश दिया गया।

थाना कोतवाली क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांसपानी, पाढ़र और जामठी में पुलिस अधिकारियों तथा महिला ऊर्जा हेल्प डेस्क की टीम ने जागरूकता कार्यक्रम किए। इस दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच, पॉक्सो अधिनियम तथा ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

साइबर अपराध होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई। 'जोशा टॉक' के माध्यम से बालिकाओं को किसी भी अनुचित व्यवहार या परेशानी की स्थिति में बिना संकोच अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बालिकाओं के सवालों और समस्याओं का समाधान भी किया।

कार्यक्रम में उपनिरीक्षक छत्रपाल धुर्वे, उपनिरीक्षक चित्रा कुमरे, महिला प्रधान आरक्षक ललिता इवने, निर्मला उइके सहित पुलिसकर्मी और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन ने बालिकाओं से अपराध अथवा अनुचित व्यवहार को चुपचाप सहन नहीं करने और तत्काल सूचना देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ''उमंग है तो जिंदगी में रंग है-चुनौतियों से लड़कर सकारात्मकता से गढ़ें भविष्य'' का संदेश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित