सिवनी , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में बुधवार को हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के बीच नागपुर रोड स्थित गुरुकुल स्कूल के पास उफनते नाले में एक महिला और उसका बेटा बह गए। स्थानीय लोगों ने महिला को सुरक्षित बचा लिया, जबकि बच्चे की तलाश जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी दौरान नागपुर रोड स्थित गुरुकुल स्कूल के समीप तेज बहाव वाले नाले में मां और बेटा बह गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि बच्चा तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा बचाव दल ने नाले और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित