देवास , जून 25 -- मध्यप्रदेश में देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र में उफनते नाले को पार करते समय मोटरसाइकिल सहित बह जाने से दो युवकों की मृत्यु हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कन्नौद निवासी धर्मेंद्र (34) और अमित (24) पीपलकोटा स्थित एक निजी वित्त कंपनी में कार्यरत थे। दोनों कार्य समाप्त कर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान पीपलकोटा और कोथमीर के बीच स्थित रपटे पर तेज बहाव वाले नाले को पार करने का प्रयास करते समय वे बाइक सहित बह गए।

ग्रामीणों ने उन्हें नाला पार नहीं करने की सलाह दी थी, लेकिन दोनों आगे बढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही सतवास और कन्नौद पुलिस के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और रातभर सर्च अभियान चलाया।

तलाशी अभियान के दौरान बाइक घटनास्थल के समीप बरामद हुई। बाद में धर्मेंद्र का शव लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर तथा अमित का शव छह से सात किलोमीटर दूर मिला। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सतवास शासकीय अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए शासन स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित