रुद्रप्रयाग , जुलाई 28 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार को नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच धारा में बने टापू पर फंस गईं तीन महिलाओं को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल रेस्क्यू कर लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
मंगलवार सुबह तिलवाड़ा क्षेत्र से सूचना मिली कि तीन महिलाएं नदी के बीच बने टापू पर फंसी हुई हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से अपर उप निरीक्षक हरीश बंगारी के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि तीनों महिलाएं लकड़ी एकत्रित करने के लिए नदी पार गई थीं। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वे बीच धारा में बने टापू पर फंस गईं। तेज बहाव के कारण उनका स्वयं बाहर निकलना संभव नहीं था और स्थिति लगातार जोखिमपूर्ण होती जा रही थी।
परिस्थितियों का आकलन करने के बाद एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान एक जवान ने सुरक्षा उपकरणों की मदद से उफनती नदी को पार कर टापू तक पहुंच बनाई। इसके बाद सुनियोजित एवं समन्वित प्रयासों से तीनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर नदी के किनारे पहुंचाया गया। बचायी गयी महिलाओं की पहचान रवीना देवी (25), पत्नी सूरज कुमार, गीता देवी (36), पत्नी जितेंद्र कुमार तथा पिंकी देवी (40), पत्नी सतीश लाल के रूप में हुई है। सभी तिलवाड़ा की रहने वाली हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित