कोट्टायम , मई 31 -- उप राष्ट्रपति डॉ. सी पी राधाकृष्णन रविवार को केरल के कोट्टायम और कन्नूर में आयोजित होने वाले कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जिनमें 'दीपिका' समाचार पत्र के 140वें स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन भी शामिल है।

उप राष्ट्रपति अपराह्न 2.30 बजे कोट्टायम स्थित केसी मम्मेन माप्पिल्लई हॉल में इस स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री वी डी सतीशन मुख्य वक्तव्य देंगे।

इसके बाद वह कन्नूर के मट्टानूर में सांसद सी. सदानंदन और टी. वनिता रानी की पुत्री यमुना भारती के विवाह समारोह (रिसेप्शन) में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राज्यपाल भी उपस्थित रहेंगे। उप राष्ट्रपति के शाम 5.30 बजे कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने और शाम 6.45 बजे वहां से रवाना होने की उम्मीद है।

उप राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर कोट्टायम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। जिला कलेक्टर ने 31 मई की मध्यरात्रि से कोट्टायम पुलिस परेड ग्राउंड, केसी मम्मेन माप्पिल्लई हॉल और जिले के अन्य हेलीपैड के ऊपर के हवाई क्षेत्र में हेलीकॉप्टर, ड्रोन, माइक्रोलाइट विमान और मानवरहित हवाई वाहनों (यूएवी) के संचालन पर 24 घंटे के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।

यह प्रतिबंध भारतीय वायु सेना, विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी), राज्य पुलिस और अन्य अधिकृत सुरक्षा एजेंसियों पर लागू नहीं होगा। किसी भी आपातकालीन हवाई अभियान के लिए जिला कलेक्टर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने इन निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पुलिस ने कोट्टायम शहर में दोपहर बाद एक बजे से यातायात पर भी कड़े प्रतिबंध लागू करने की घोषणा की है। शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्वाह्न 11 बजे से लेकर उपराष्ट्रपति का दौरा समाप्त होने तक पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित