मुंगेली , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने लोरमी विधानसभा क्षेत्र के नवलपुर में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत सब स्टेशन क्षमता विस्तार का लोकार्पण किया है।
इस कार्य से क्षेत्र के 10 गांवों में कम वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या दूर होगी। उन्होंने बताया कि सब स्टेशन की क्षमता 3.0 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए कर दी गई है, जिससे 6500 उपभोक्ताओं और 3500 कृषि पंप धारक किसानों को लाभ मिलेगा।
श्री साव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के गांवों में बिजली समस्याओं के समाधान के लिए नए सब स्टेशन का निर्माण और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं की जरूरतों के अनुसार बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने सभी ग्रामीणों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि इस तरह के विकास कार्यों से क्षेत्र में सुविधा और समृद्धि बढ़ेगी।
इस अवसर पर मंत्री साव ने सब स्टेशन परिसर में सोलर पैनल का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने से बिजली बिल शून्य होगा और अतिरिक्त बिजली से आय भी प्राप्त होगी। उन्होंने लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।
सब स्टेशन के क्षमता बढ़ने से नवलपुर, हड़गांव, लालपुर कला, नवागांव, औराबांधा, सुरेठा, बांधा, गैंजी, नारायणपुर, करीलकुंडा को लाभ मिलेगा। कम वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या नहीं होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित