जगदलपुर , अगस्त 13 -- छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों का अंतिम रिहर्सल गुरुवार को किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।

अंतिम रिहर्सल के दौरान सहायक कलेक्टर यशवंत नाइक ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए आज ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामयी आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने समारोह स्थल पर सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित