देवरिया, जून 16 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक 17 जून को देवरिया में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उप मुख्यमंत्री श्री पाठक बुधवार सुबह 10:05 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा थाना रामपुर कारखाना क्षेत्र के ग्राम देसही पहुंचेंगे। वहां वह देसही स्थित मुस्कान हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह 10:50 बजे पुलिस लाइन, देवरिया पहुंचेंगे तथा 11:00 बजे महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर वहां पौधरोपण भी करेंगे। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में स्थापित योगा कक्ष का शुभारंभ भी करेंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि श्री पाठक पूर्वाह्न 11:20 बजे सीसी रोड स्थित श्री मनोकामना हनुमान मंदिर पहुंचकर आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में भाग लेंगे। उसके बाद वह 11:45 बजे विकास भवन परिसर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन करेंगे। दोपहर 12:40 बजे उप मुख्यमंत्री देवरिया क्लब पहुंचेंगे, जहां "विकसित भारत संकल्प सम्मेलन" में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद वह पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर द्वारा गोरखपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित