अंबिकापुर , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर की सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार लाने, नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
श्री साव ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी। केरसु तालाब परिसर में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई के साथ प्रभावी निगरानी भी आवश्यक है।
उप मुख्यमंत्री ने सुभाष नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्मित 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवास हितग्राहियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं, समस्याओं और पक्का मकान मिलने के बाद उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
श्री साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवंटित आवासों में संबंधित हितग्राहियों का निवास सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही आवासीय परिसरों में साफ-सफाई, आवश्यक नागरिक सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम केंद्र पहुंचकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अंबिकापुर की कचरा प्रबंधन प्रणाली की सराहना करते हुए बताया कि शहर में लगभग 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव और नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित