बेतिया , सितंबर 02 -- िहार में पश्चिमी चम्पारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत भैरोगंज थाना क्षेत्र के कपरधिका और लक्ष्मीपुर में बुधवार की देर शाम अपराधियों ने भैरोगंज पंचायत के उप मुखिया समेत दो लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया।पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायलों की पहचान कपरधिका वार्ड संख्या नौ निवासी उप मुखिया अशोक दास तथा लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या छह निवासी राधेश्याम राम के रूप में हुई है। राधेश्याम राम वार्ड छह की वार्ड सदस्य के पति हैं।

सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल-112 और भैरोगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजय गुप्ता ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को दो-दो गोलियां लगी हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया गया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बगहा निहार भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आयी है। गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित