रूद्रपुर , सितंबर 15 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश से नशीले इंजेक्शन की तस्करी के मामले में मंगलवार को दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी डाॅ. अजय गणपति के अनुसार दोनों को उप्र के बहेड़ी बार्डर से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि थाना पुलभट्टा थाना प्रभारी ओमप्रकाश नेगी की अगुवाई में पुलिस की एक टीम की ओर से बहेड़ी बॉर्डर पर संदिग्ध वाहनों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान स्कूटी सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से 150 ब्यूप्रेनोर्फिन (नॉरफिन) इंजेक्शन बरामद हुए। दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों इन इंजेक्शनों को हल्द्वानी तस्करी कर ले जा रहे थे।

दोनों के खिलाफ़ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 8, 22, 60 ए के तहत पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काठगोदाम थाना क्षेत्र निवासी सूरज बिष्ट तथा बनभूलपुरा थाना क्षेत्र निवासी मुर्सलिन उर्फ भूरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी सूरज बिष्ट पूर्व में ह स्मैक तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित